खूंटी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। नगर पंचायत क्षेत्र में 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर भले ही आधिकारिक रूप से चुनाव प्रचार थम चुका हो, लेकिन अध्यक्ष पद के तीन उम्मीदवारों के अलावा सभी 19 वार्ड पार्षदों के कुल 77 प्रत्याशी रविवार को भी डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान में जुटे नजर आए।

प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की और उनसे समर्थन मांगा।

इसी क्रम में तोरपा के पूर्व विधायक कोचे मुंडा के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं से नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित प्रत्याशी रानी टूटी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को पार्टी की नीतियों, विकास योजनाओं और नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता स्वच्छता, बेहतर सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है। साथ ही नगर पंचायत को व्यवस्थित और पारदर्शी प्रशासन देने का संकल्प दोहराया गया।
इस अभियान में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजय साहू, खूंटी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रियांक भगत, कंचन सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
