चतरा, 23 फ़रवरी (हि.स.)। चतरा नगर परिषद के लिए हुए चुनाव में शाम 05 बजे तक 68.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। लोकतंत्र के इस महापर्व में लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

निर्वाचन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारी की गई थी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति एवं जरूरी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई थी। सभी मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई।

पूरे दिन कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारीं, कर्मी और सुरक्षा बलों के प्रति आभार व्यक्त किया है एवं मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए आभार प्रकट किया।
चतरा नगर परिषद के 22 वार्डों के लिए कुल 35525 मतदाताओं में से 68.88 फीसदी वोटरों ने मतदान किया। नगर में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए 22 और वार्ड पार्षद के लिए 82 उम्मीदवार मैदान में हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी
