अलीपुरद्वार, 10 मार्च (हि. स.)। जिले के फालाकाटा इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। स्कूल जाने के बहाने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गए छह छात्रों में से दो की डूबकर मौत हो गई।घटना फालाकाटा के धनीरामपुर-2 ग्राम पंचायत अंतर्गत सरुगांव चाय बागान इलाके में स्थित डोडुआ नदी में मंगलवार को हुई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सरुगांव चाय बागान के बड़े मैदान इलाके के छह छात्र मंगलवार को स्कूल जाने के बहाने घर से निकले थे। लेकिन स्कूल जाने के बजाय उन्होंने नेपाली बस्ती इलाके की डोडुआ नदी में नहाने गए। नहाने के दौरान अचानक दो छात्र गहरे पानी में चले गए और तेज धारा में डूबने लगे। घटना के बाद बाकी चार दोस्त डरकर घर लौट आए और अपने अभिभावकों को पूरी बात बताई। सूचना पाकर बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई।
सूचना पाकर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और जटेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की तलाश के बाद नदी से एक छात्र शव बरामद किया गया। बाद में एनडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान तेज किया और शाम करीब चार बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर दूसरे छात्र का शव भी बरामद कर लिया।
घटना की खबर मिलते ही फालाकाटा पंचायत समिति के अध्यक्ष सुभाष राय भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद पूरे सरुगांव चाय बागान इलाके में शोक का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
