पूर्वी सिंहभूम, 16 अप्रैल (हि.स.)। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह जिला स्कूल के समीप गुरुवार सुबह सुवर्णरेखा नदी से एक लापता युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आदर्श नगर निवासी 45 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में की गई है, जो बीते 15 अप्रैल की रात से अपने घर से लापता थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार अविवाहित थे और पिछले कुछ समय से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी। परिजनों ने बताया कि 15 अप्रैल की रात वह अचानक घर से निकल गए थे, जिसके बाद देर रात तक वापस नहीं लौटे। पहले परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। धीरे-धीरे परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी और उन्होंने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू कर दी।
गुरुवार सुबह परिजन सुवर्णरेखा नदी के किनारे पहुंचे, जहां उन्हें पानी में एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर शव की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुट गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सिदगोड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि किसी प्रकार की साजिश या अन्य कारणों से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
