रांची, 02 फ़रवरी (हि.स.)। धुर्वा स्थित होटवासी में नवनिर्मित चार मंदिरों में सोमवार को पांच दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान की शुरूआत की गई। वाराणसी से पण्डित ललन प्रसाद तिवारी के नेतृत्व में पहुंचा पुरोहितों के पांच सदस्यी दल ने पहले दिन का पूजा विधि-विधान एवं पूरे भक्तिभाव के साथ पूरा कराया। मुख्य यजमान की भूमिका में कपिल देव सिंह, सुशील कुमार देव व शिव सागर साहू सपत्नि हिस्सा लिए।

पांच दिन तक चलने वाले इस अनुष्ठान के पहले दिन कलश शोभायात्रा निकाली गयी। इस जलयात्रा में 551 महिलाओं ने कलश उठाया। पूरे विधि-विधान के साथ होटवासी स्थित नदी से कलश में जलभरी करने के बाद गाजे-बाजे के साथ शोभा यात्रा होटवासी के विभिन्न गलियों से घूमते हुए मंडा पूजा स्थल तक गया। और वहां से पुन: वापस लौटते हुए मंदिर परिसर स्थित बने विशाल यज्ञशाला में पहुंचे।
पण्डित ललन प्रसाद तिवारी ने बताया कि मूर्तियों के प्राण-प्रतिष्ठा के दूसरे दिन तीन फरवरी को जलाधिवास, चार फरवरी को अन्नाधिवास, पांच को देव स्नान, नगर परिक्रमा, शैय्याधिवास और छह फरवरी को प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा होगा। प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ को सफल बनाने में राजदेव साहू के साथ समस्त होटवासी के लोग पूरे परिवार के साथ लगे हुए हैं। चारों नवनिर्मित मंदिरों व यज्ञशाला को गेंदा के फूलों व बिजली की लड़ियों से सजाया गया है। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरूष व बच्चे पारम्परिक वेशभूषा में शामिल हुए।—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
