बरेली, 18 मार्च (हि.स.) । नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर सात खाद्य व पेय पदार्थों के नमूने भरे, जबकि करीब 20 किलो संदूषित मूंगफली दाना जब्त कर नष्ट कराया।

कार्रवाई के दौरान मकसूदनपुर रिछा रेलवे क्रॉसिंग स्थित मदनी ट्रेडर्स से खजूर, खजुरिया घाट के अली किराना स्टोर से सेवई और पापड़, मीरगंज के श्याम किराना स्टोर से सिंघाड़ा आटा व मूंगफली दाना के नमूने लिए गए। यहीं से 20 किलो मूंगफली दाना भी खराब मिलने पर नष्ट कराया गया। इसके अलावा नवाबगंज के दिलीप किराना स्टोर से कुट्टू का आटा और बड़ा बाग स्थित बजरंग भोग से घी (प्रकाश ब्रांड) का नमूना संग्रहित किया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला झांसी भेजा गया है। सहायक आयुक्त अक्षय गोयल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर नवरात्रि के मद्देनजर यह अभियान चलाया जा रहा है। मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
