बीरभूम, 15 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में बंगाली नववर्ष (पोईला वैशाख) के अवसर पर प्रसिद्ध तारापीठ मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सूर्योदय से पहले ही दूर-दूर से आए भक्त पूजा का डाला (फूल-प्रसाद की टोकरी) लेकर लंबी कतार में खड़े दिखाई दिए।

बंगाल में नववर्ष के दिन को लोग खास तरीके से मनाते हैं और अधिकतर लोग दिन की शुरुआत पूजा-अर्चना से करते हैं। यही कारण है कि पोइला बैशाख के दिन तारापीठ में हर साल श्रद्धालुओं का बड़ा जमावड़ा लगता है। इस बार भी सुबह से ही भक्त फूल और प्रसाद की डाला लेकर मां तारा के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े रहे। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय व्यापारी भी मां तारा का आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचे।
इस अवसर पर रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार ध्रुव साहा और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार आशिष बंद्योपाध्याय ने भी मां तारा की पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
परंपरा के अनुसार सुबह तड़के मां तारा को स्नान कराया गया, जिसके बाद मंगल आरती हुई। इसके बाद विधि-विधान के साथ मंदिर के गर्भगृह के द्वार आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
बुधवार दोपहर मां तारा को विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। इस भोग में चावल, दाल, पांच प्रकार की सब्जियां, पांच प्रकार की मिठाइयां, पुलाव, शोल मछली भुना और पायस शामिल रहेगा।
नववर्ष के पहले दिन तारापीठ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने विशेष प्रबंध किए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
