नवादा, 08 फ़रवरी (हि.स.)। नवादा जिले में घटित दो अलग -अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई तथा 10 घायल हो गए।

नवादा के शाहपुर के पास रविवार को एक भीषण हादसा हुआ। मुंगेर से एक श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर लौट रहे नवादा जिले के हाजीपुर पंचायत के मुखिया, उप मुखिया और पूर्व वार्ड पार्षद सहित 10 लोग घायल हो गए। सदानंद कुमार के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को एक ट्रक ने चकमा दिया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो की सीटें उखड़ गईं और चारों एयरबैग खुल गए। घायलों में बौद्ध चौधरी, अशोक चौधरी, रामदेव यादव सहित अन्य शामिल हैं। तीन की हालत नाजुक है, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

दूसरी घटना नवादा जिले के जम्हारिया गांव के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों दोस्त बाइक से पूजा का सामान लेने घर से निकले थे। मृतकों में पकरीबरावां थेन के अटारी गांव के सतीश यादव (25 वर्ष) और रवि कुमार यादव (25 वर्ष) के रूप में की गई है। सतीश यादव की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और महज एक महीने पहले ही पिता बने थे, जिसकी मौत से खुशियां मातम में बदल गईं। वही, रवि कुमार परिवार का बड़ा बेटा और इकलौता सहारा था। वह खेती कर अपने परिवार का पेट पालता था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन
