सीवान, 05 अप्रैल (हि.स.)।जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से स्मैक, गांजा और भारी मात्रा में नकद राशि बरामद की गई है।पूछताछ में उसकी पहचान कुंदन कुमार के रूप में हुई है जो मुफस्सिल थाने के खुरमाबाद निवासी स्वर्गीय प्रभुनाथ चौहान का पुत्र है।

एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि 4 अप्रैल 2026 को मुफ्फसिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि खुरमाबाद स्थित मंदिर के पास एक व्यक्ति नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस ने खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 ग्राम स्मैक और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर पर भी छापेमारी की, जहां से 750 ग्राम गांजा और 1,38,070 रुपये नकद बरामद किया गया। इस तरह कुल मिलाकर 1,88,070 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(बी) और 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
