कानपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। बजरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शराब के नशे में युवक देर रात दो मंजिला छत के छज्जे से गिरकर घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे पड़ाेसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।

बजरिया थाना क्षेत्र जवाहर नगर में रहने वाला मंजीत (47) शराब पीने का लती था। परिवार में पत्नी सुमन, बेटी रिया और बेटा कृष है। बेटे ने बताया कि पिता अक्सर शराब पीकर घर में आते थे। इसकी वजह से घर में रोजाना लड़ाई झगड़ा होता था और पिता अलग किराए का कमरा लेकर रहते थे।

देर रात वह शराब पीकर आये और दूसरी मंजिल पर चढ़ गए। तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे जा गिरे। पड़ोसी उन्हें हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
बजरिया थाना प्रभारी अरविंद शर्मा ने शनिवार को बताया कि मृतक शराब पीने का लती था। देर रात भी वह शराब पीकर आया था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
