प्रयागराज, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कोरांव थाना क्षेत्र में बेलन नहर में रविवार की रात बारात में जा रहीं दो कार नहर में गिर गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सात लोगों को बचा लिया। जबकि दो लोग लापता हो गए, जिनके शव सोमवार को बरामद कर लिए गए।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि बीती रात हुए कार के नहर में गिरने से हुए हादसे में बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र के निवासी प्रदीप कुमार पुत्र सुशील और बलिया निवासी अनीस के शवाें काे आज बरामद कर लिया गया है।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि प्रयागराज नैनी से एक बारात कोरांव थाना क्षेत्र के अयोध्या गांव के समीप जा रही थी। जिसमें शामिल हाेने जा रही दो कार अचानक बढ़वानी गांव के समीप मोड़ होने की वजह से अचानक अनियंत्रित होकर बेलन नहर में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस माैके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सात लोगों को नहर से निकालते हुए बचा लिया। इस हादसे में दाे लाेगाें की माैत हुई है, जिनके शवाें काे बरामद कर पंचनामा करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
