हरिद्वार, 04 अप्रैल (हि.स.)। लक्सर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को रुड़की क्षेत्र से दबोचते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार 28 मार्च को शिकायतकर्ता ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि एक युवक उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपित की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित को रुड़की क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपित के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि आरोपित को रुड़की से गिरफ्तार कर लिया गया है और पीडि़ता को सुरक्षित बरामद कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
