रायगढ़, 02 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के थाना पुसौर पुलिस द्वारा नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ करने वाले फरार आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है। आरोपित पिछले करीब एक माह से लुक छिप रहा था ।

पीड़िता द्वारा 28 दिसंबर 2025 को थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि वह अपने घर से सहेली के साथ स्कूटी से स्कूल आना-जाना करती थी। स्कूल जाने के दौरान मनोज खड़िया नामक युवक उसका पीछा कर अश्लील इशारे करता था, जिसे वह अनदेखा करती रही।
27 दिसंबर 2025 को जब पीड़िता अपनी सहेली के साथ बाजार जा रही थी, तभी आरोपित मनोज खड़िया उनके पास आकर मोबाइल नंबर मांगने लगा। बालिका द्वारा मना करने पर आरोपित ने उसका बायां हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। बालिका के विरोध करने पर आरोपित मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 351/2025 धारा 75(2), 78(1), (1) भारतीय न्याय संहिता एवं 12 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपित की पतासाजी प्रारंभ की गई। आरोपित घटना के बाद से लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी पुसौर रामकिंकर यादव द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।
आज साेमवार काे आरोपित के गांव में मौजूद होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित दबिश देकर हिरासत में लिया गया। आरोपित मनोज कुमार खड़िया (उम्र 20 वर्ष) निवासी पुसौर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान
