अब तक 6727 मीट्रिक टन गेहूं व 13446 मीट्रिक टन सरसों की आवक

नारनाैल, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले की अनाज मंडियों में रबी सीजन के तहत फसल खरीद प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आ रही और सरकार की ओर से निर्धारित समय सीमा में भुगतान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
बुधवार को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने जिले में चल रहे खरीद कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
उपायुक्त ने बताया कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान 48 घंटे के भीतर सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और भरोसा दोनों मजबूत हुए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक अनाज मंडियों में 6727 मीट्रिक टन गेहूं की आवक दर्ज की जा चुकी है। इसमें से सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा 5722.26 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है। इस प्रक्रिया में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
उठान की स्थिति पर उपायुक्त ने बताया कि अब तक 3305.90 मीट्रिक टन गेहूं का सुरक्षित उठान किया जा चुका है, जो कुल खरीद का लगभग 58 प्रतिशत है। मंडीवार आंकड़ों में कनीना मंडी में 74 प्रतिशत और सतनाली मंडी में 53 प्रतिशत गेहूं का उठाव पूरा हो चुका है। सरसों की खरीद भी तेजी से जारी है। अब तक विभिन्न मंडियों में 13446.80 मीट्रिक टन सरसों की आवक हुई है, जिसमें से लगभग 13440.70 मीट्रिक टन की खरीद व्यापारियों द्वारा की जा चुकी है। अटेली मंडी सरसों खरीद में सबसे आगे है, जहां 7693.10 मीट्रिक टन आवक दर्ज हुई।
इसके अलावा कनीना और नारनौल मंडियों में भी अच्छी आवक रही है। उपायुक्त ने बताया कि गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल और सरसों का 6200 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। मंडियों में पेयजल, बिजली और अन्य सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला
