नालंदा, बिहारशरीफ 30 जनवरी (हि.स.)।जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में कुंदन कुमार जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत “उन्नत शिक्षा – उज्ज्वल भविष्य” योजना के तहत एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के उन प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना की प्रगति की समीक्षा करना था, जहाँ वर्तमान में कोई भी डिग्री महाविद्यालय संचालित नहीं है।इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अवगत कराया कि जिले के रहुई, नूरसराय, बिंद, नगरनौसा, कतरीसराय करायपरशुराय, थरथरी, परवलपुर एवं सरमेरा प्रखंडों में अभी तक किसी भी प्रकार का डिग्री महाविद्यालय स्थापित अथवा संचालित नहीं है जिसके कारण इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समग्र शिक्षा को स्पष्ट निर्देश दिया है कि डिग्री महाविद्यालय विहीन प्रखंडों में प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के तत्काल संचालन की व्यवस्था अविलंब सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि उक्त महाविद्यालयों के स्थायी भवन एवं परिसर के निर्माण हेतु विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप अतिरिक्त एवं उपयुक्त भूमि की पहचान एवं चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाय जिससे भविष्य में महाविद्यालयों का सुचारु एवं स्थायी संचालन संभव हो सके।
मौके पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिक्षा का सुदृढ़ ढांचा जिले के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुलभता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे
