नालंदा, बिहारशरीफ 26 जनवरी (हि.स.)। नालंदा जिले के नानंद स्थित सैनिक स्कूल में सोमवार को 77 वें गणतंत्र दिवस पर आन- बान और शान से राष्ट्रीय ध्वज लहराया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कर्नल भूपेंद्र कुमार ने ध्वजारोहण कर समस्त विद्यालय परिवार को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। शिवो मेवालाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परेड ग्राउंड में शानदार परेड का भी प्रदर्शन किया गया। वहीं स्कूल बैंड टीम के साथ अजातशत्रु, अशोक, महावीर सिद्धार्थ एवं बिम्बिसार सदन की सभी टुकड़ियों ने सलामी मंच से गुजरते हुए प्राचार्य को सलामी दी। अपने संबोधन में कर्नल ने इस बात पर बल दिया कि संविधान सभा के सभी सदस्यों ने एक ऐसे संविधान का मसौदा तैयार किया था जो विविधतापूर्ण राष्ट्र को एकजुट रखने में सक्षम है। साथ ही यह सुनिश्चित करता है कि यह न्याय,स्वतंत्रता, समानता, और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित है | प्राचार्य ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल जश्न मनाने का अवसर मात्र नहीं है बल्कि चिंतन का दिन भी है |संविधान में निहित मूल्यों एवं विभिन्न अवयवों में समाहित विचारों को अंगीकृत करते हुए, राष्ट्र नवनिर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का भी आह्वान करता है |
उन्होंने आगे कहा कि यह दिन सभी को भारत की औपनिवेशिक अतीत से लेकर प्रगति और समृद्धि के भविष्य तक की अविश्वसनीय यात्रा की याद दिलाता है | प्राचार्य महोदय ने परेड करने वाली टुकड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की | गणतंत्र दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया | मौर्यन पब्लिक स्कूल के नन्हें-मुन्ने छात्रों और सैनिक स्कूल नालंदा के सैन्य छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और समूह नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी | कैडेटों द्वारा ‘अतुल्य भारत’ थीम पर आधारित एक माइम शो का भी प्रदर्शन किया |इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रचार्य ले० कर्नल दीपक सिंह ठाकुर, समस्त शिक्षक, प्रशासनिक कर्मी उनके परिवार के सदस्य एवं समस्त छात्र-छात्रा उपस्थित थे
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे
