राजनांदगांव / डोंगरगढ़, 22 फ़रवरी (हि.स.)। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अछोली नाला में रविवार काे एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। महिला का चेहरा किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचला हुआ पाया गया है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई उपरांत पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाने और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच करने का कार्य शुरू किया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। आसपास के गांवों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां फेंका गया है या वारदात स्थल यही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और घटना की प्रकृति का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल
