मुंबई, 07 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी में कार कुएं में गिर जाने की दुर्घटना की जांच के लिए मंगलवार को अतिरिक्त जिला अधिकारी श्याम गोसावी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। यह समिति पूरे घटना की जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया है।

नासिक जिले के जिलाधिकारी ने आयुष प्रसाद ने आज बताया कि 3 अप्रैल की रात को एक कुएं में कार गिरने से ९ लोगों की मौत हो गई थी। इनमें डिंडोरी तहसील के दरगोडे परिवार के छह स्कूली छात्र भी शामिल थे। इस मामले के तथ्यों को सामने लाने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कारकों की व्यापक जांच करने के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया गया है। समिति को निर्देश दिया गया है कि वह घटनास्थल की स्थितियों, अपनाई गई कार्यप्रणाली, लागू सुरक्षा उपायों और इसमें शामिल प्रशासनिक जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा करने के बाद एक रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर जिलाधिकारी कार्यालय को प्रस्तुत करे।
समिति से अपेक्षा की जाती है कि वह दुर्घटनास्थल का दौरा कर मौके पर ही निरीक्षण करे, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज करे, और कार्य की गुणवत्ता के साथ-साथ सुरक्षा नियमों के कार्यान्वयन का भी आकलन करे। इसके अतिरिक्त, समिति को भविष्य में ऐसी ही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपायों की सिफारिश करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसके साथ ही संबंधित नगर पंचायत को इस जांच के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज, रिकॉर्ड और सहयोग उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
