नाहन, 10 मार्च (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों और नशा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कच्चा टैंक पुलिस चौकी की टीम ने एक और सफलता हासिल की है। पुलिस ने काँशीवाला ग्राउंड के पास झाड़ियों में छिपकर नशे का इंजेक्शन लगा रहे एक युवक को रंगे हाथों पकड़ा है।

जानकारी के अनुसार साेमवार काे जब कच्चा टैंक पुलिस की टीम मिल्क चिलिंग प्लांट और काँशीवाला ग्राउंड के समीप नियमित गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस की नज़र झाड़ियों में संदिग्ध अवस्था में छिपे हुए एक व्यक्ति पर पड़ी। पुलिस को पास आता देख युवक घबरा गया। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो उसकी पहचान शुभम (पुत्र गिरधारी लाल), निवासी मोगीनंद, कालाअम्ब के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चिट्टा का आदी है और जिस समय पुलिस ने उसे पकड़ा, उसने ठीक उसी समय प्लास्टिक की सिरिंज के माध्यम से नशा इंजेक्ट किया था। पुलिस ने मौके से आरोपी के कब्जे से नशा करने में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक सिरिंज, एक प्लास्टिक बोतल और ढक्कन बरामद किया है।
पुलिस थाना नाहन में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
