नाहन, 04 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के कच्चा टैंक स्थित जामा मस्जिद के पास ‘ख़ादिम-ए-बीबी फ़ातिमा ज़हरा संस्था द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन इस्लाम के महान व्यक्तित्वों हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) और हज़रत गाज़ी अब्बास (अ.स.) के जन्मदिवस (विलादत) तथा शबे-बारात की मुक़द्दस रात के उपलक्ष्य में किया गया।

कार्यक्रम का आगाज़ बारगाह-ए-इलाही में विशेष दुआओं के साथ हुआ। मुल्क में शांति, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। इस ख़ुशी के मौके पर संस्था के सदस्यों द्वारा राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच दूध का वितरण किया गया। यह सेवा इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में प्यासों की सेवा के प्रतीक के रूप में की गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि इमाम हुसैन (अ.स.) का जीवन हमें ज़ुल्म के खिलाफ खड़े होने और मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
