जोधपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। प्रादेशिक परिवहन विभाग की नेशनल परमिट और लोक परिवहन बसों के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में निजी बस ऑपरेटर्स आज रात 12 बजे से हड़ताल पर रहेंगे। मंगलवार सुबह से प्रदेश में करीब 20 हजार बसों का संचालन नहीं होगा।

ऑल इण्डिया टूरिस्ट परमिट बस ओनर एसोसिएशन जोधपुर के सचिव भंवर लाल सियाग ने बताया कि समय-समय पर नए नियम लागू कर पूर्व में विधिसम्मत पंजीकृत एवं संचालित वाहनों स्लीपर बस, सिटी बस, स्टेज कैरिज, ग्रामीण बस सेवा, लोक परिवहन, ऑटो रिक्शा या टैक्सी सभी पर कठोर प्रावधान लागू किए जा रहे हैं। इन नियमों की आड़ में अत्यधिक एवं अनुचित जुर्माने वसूले जा रहे हैं। इस विषय में पूर्व में कई बार राज्य सरकार को ज्ञापन प्रस्तुत किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान या सकारात्मक पहल नहीं की गई है। ऐसे में लगातार अनदेखी से परिवहन व्यवसायियों में गहरी निराशा और रोष व्याप्त है। इसको लेकर ही विरोध करते हुए अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा।

बस मालिकों का कहना है कि विभाग के पास नियम उल्लंघन पर चालान काटने का अधिकार है, लेकिन बसों को मौके पर सीज करना और आरसी निलंबित करना पूरी तरह से अनुचित है। संचालकों ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग नियम एस-052, 153 और 119 (वर्ष 2019 व 2025 में लागू) का गलत इस्तेमाल कर रहा है। इन नियमों की आड़ में उन वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है जो 20 साल पुराने हैं और जिनके पास वैध दस्तावेज मौजूद हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
