कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) परिसर में संचालित स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट द्वारा मंगलवार केन्द्रीय विद्यालय–2 अरमापुर में एक कार्यशाला एवं करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इंटरमीडिएट कक्षा के विद्यार्थियों को होटल प्रबंधन शिक्षा, उपलब्ध पाठ्यक्रमों तथा इस क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं की जानकारी देना।

कार्यक्रम में स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के निदेशक सौरभ त्रिपाठी ने इंटरमीडिएट कक्षा के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विभाग का परिचय, संचालित पाठ्यक्रमों (डिग्री एवं डिप्लोमा) तथा होटल प्रबंधन क्षेत्र में रोजगार, उद्यमिता और अंतरराष्ट्रीय अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि होटल प्रबंधन केवल होटल तक सीमित न होकर पर्यटन, एविएशन, क्रूज़, इवेंट मैनेजमेंट, हॉस्पिटैलिटी स्टार्टप्स और सरकारी क्षेत्रों में भी व्यापक संभावनाएं प्रदान करता है।

इसके बाद सहायक निदेशक एवं शेफ सिद्धार्थ सिंह ने विद्यार्थियों को विभाग में संचालित सभी पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को किचन में उपयोग होने वाले कुछ महत्वपूर्ण माइनर स्किल्स से परिचित कराया, जो भोजन निर्माण की गुणवत्ता, प्रस्तुति और स्वाद को बेहतर बनाते हैं। इस अवसर पर शेफ सिद्धार्थ सिंह ने विभिन्न प्रकार के सैंडविच बनाकर उनका लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में विभाग के सहायक प्राध्यापक अरविंद चौहान ने विद्यार्थियों को मिक्सोलॉजी की मूल अवधारणाओं एवं तकनीकों की जानकारी दी। इसके बाद होटल प्रबंधन विभाग के बीएचएमसीटी कार्यक्रम के तृतीय वर्ष के छात्र श्याम मणि त्रिपाठी तथा प्रथम वर्ष के छात्र अनुराग गुप्ता और प्रतीक ने केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ मिलकर कोलस्लॉ सैंडविच एवं मोजिटो, ब्लू लैगून, ब्लू हवाईयन आदि मॉकटेल्स तैयार कराए।
इस हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग में भाग लेकर सभी विद्यार्थी अत्यंत प्रसन्न और उत्साहित दिखाई दिए।कार्यक्रम के अंत में स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के निदेशक सौरभ त्रिपाठी ने केन्द्रीय विद्यालय–2 के प्रधानाचार्य एसकेएल वर्णवाल का धन्यवाद ज्ञापित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
