धर्मशाला, 06 फ़रवरी (हि.स.)। जिला पुलिस नूरपुर द्वारा उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत दो उद्घोषित अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इन दो अपराधियों में से एक सरवन अली, पुत्र रुस्तम अली, निवासी गांव जुगियाल, डाकघर शाहपुरकंडी, तहसील धारकलां, जिला पठानकोट (पंजाब) आयु 34 वर्ष, को पीओ सेल टीम द्वारा नाभा (ज़ीरकपुर) से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।

उक्त अभियुक्त के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज था और वह न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। गिरफ्तारी उपरांत अभियुक्त को पुलिस थाना नूरपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।

वहीं इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई में उद्घोषित अपराधी करन महाजन, पुत्र सुरेश कुमार, निवासी वीपीओ दौरंगाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) को गांव दौरंगाला से पीओ सेल टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया। उक्त अभियुक्त के विरुद्ध भी विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना डमटाल में मामला दर्ज था और वह न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।
उधर एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जिला पुलिस नूरपुर द्वारा भविष्य में भी उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान निरंतर जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
