धर्मशाला, 10 फ़रवरी (हि.स.)। पिछले 24 घंटों के दौरान जिला पुलिस नूरपुर द्वारा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अवैध शराब के विरुद्ध नियमित कार्रवाई के दौरान कुल 4 मामले दर्ज कर 34 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने पहले मामले में अनिल कुमार निवासी राजा का तालाब, तहसील फतेहपुर के कब्जे से 15 लीटर अवैध शराब बरामद की। आरोपी को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा किया गया है तथा मामले में आगामी जांच जारी है। इसी तरह दूसरे मामले में थाना इंदौरा के तहत अर्जुन सिंह निवासी थथोली, तहसील इंदौरा के कब्जे से 5 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

वहीं तीसरे मामले में सुरजिंदर सिंह निवासी घेता, तहसील इंदौरा के कब्जे से 9 लीटर देशी शराब बरामद की गई।

इसके अलावा फतेहपुर पुलिस थाना के तहत परमजीत कौर निवासी बेला ठाकरण, तहसील फतेहपुर के कब्जे से 5 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा किया गया है तथा मामले में जांच जारी है। सभी मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
