कोलकाता, 24 जनवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर दिए गए बयान को लेकर कड़ा हमला बोला।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जिस दिन पूरा देश नेताजी के ऐतिहासिक नारे ‘दिल्ली चलो’ को गर्व और सम्मान के साथ याद कर रहा था, उसी दिन मुख्यमंत्री द्वारा दिल्ली को लेकर की गई टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि नेताजी की जयंती जैसे पावन अवसर पर देश की राजधानी के खिलाफ बयान देकर मुख्यमंत्री ने न केवल नेताजी के विचारों और आदर्शों का अपमान किया, बल्कि पूरे देश की भावनाओं को भी आहत किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को “साजिशों का शहर” बताना राजनीतिक कुंठा का परिचायक है।
भाजपा नेता ने यह भी कहा कि ममता बनर्जी अपनी सरकार की नाकामियों—भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति—से जनता का ध्यान हटाने के लिए बार-बार ‘दिल्ली’ को निशाना बनाती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य में व्याप्त अराजकता और अव्यवस्था के लिए क्या दिल्ली को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के इस बयान से नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पश्चिम बंगाल और पूरे देश का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता नेताजी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर इस तरह की राजनीति का जवाब देगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
