श्रीनगर, 12 मार्च (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के प्रमुख सज्जाद लोन ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले की कड़ी निंदा की।

बुधवार रात जम्मू के बाहरी इलाके ग्रेटर कैलाश में एक शादी समारोह से लौटते समय 88 वर्षीय अब्दुल्ला बाल-बाल बच गए, जब एक बंदूकधारी ने उन पर पीछे से गोली चला दी। आरोपी की पहचान जम्मू के पुरानी मंडी निवासी 63 वर्षीय कमल सिंह जमवाल के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसने पुलिस को बताया है कि वह पिछले 20 वर्षों से अब्दुल्ला को निशाना बनाने के अवसर की प्रतीक्षा कर रहा था।
सांसद रुहुल्लाह मेहदी ने जम्मू में हुई उस निंदनीय घटना की कड़ी निंदा की है जिसमें एक शादी समारोह के दौरान डॉ. फारूक अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी पर गोलीबारी की गई। मेहदी ने अपने फेसबुक हैंडल पर यह पोस्ट किया। श्रीनगर से लोकसभा सांसद मेहदी जिनका सरकार से कई मुद्दों पर मतभेद रहा है ने कहा कि हिंसा की ऐसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और उन्होंने जोर देकर कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
वही दूसरी ओर हंदवाडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक लोन ने भी गोलीबारी की घटना की निंदा की। लोन ने अपने फेसबुक हैंडल पर पोस्ट में लिखा कि डॉ. फारूक, सुरिंदर चौधरी और नासिर असलम पर हुई इस कायरतापूर्ण गोलीबारी की मैं निंदा करता हूं। अल्लाह का शुक्र है कि वे सुरक्षित हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
