देवघर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में विधि शाखा से संबंधित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में उपायुक्त ने न्यायालयों में लंबित सभी मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को समय पर प्रति शपथ पत्र दायर करने का निर्देश दिया, ताकि समुचित तथ्यों के साथ प्रभावी प्रतिवेदन न्यायालयों में प्रस्तुत किया जा सके।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की और उच्च न्यायालयऔर उच्चतम न्यायालय से जुड़े मामलों में शपथ पत्र दायर करने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों के जल्द निष्पादन करने के लिए निर्देश दिया।
इस अवसर पर एम्स देवघर से जुड़े नागरिक बुनियादी ढांचे के मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अग्निशमन पदाधिकारी को नियमित फायर मॉक ड्रिल कराने का निर्देश दिया। साथ ही एम्स में पेयजल उपलब्धता, सड़क संपर्क, बाउंड्री वॉल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित विषयों पर भी चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अपर समाहर्ता, एसडीएम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
