खूंटी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के अंतर्गत खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में 23 फरवरी को हुए मतदान के बाद 27 फरवरी को निर्धारित मतगणना कार्य को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आर रॉनिटा की उपस्थिति में मंगलवार को मतगणना कर्मियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन सम्पन्न किया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी मार्गदर्शिका के अनुरूप एनआईसी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत कंप्यूटराइज्ड रेंडमाइजेशन संपन्न हुआ। इस दौरान उप विकास आयुक्त-सह वरीय पदाधिकारी कार्मिक कोषांग आलोक कुमार, सामान्य प्रेक्षक रश्मि लकड़ा, सभी आरओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे। द्वितीय रेंडमाइजेशन के माध्यम से मतगणना कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किए जाने वाले कर्मियों का चयन पारदर्शी प्रणाली के तहत किया गया। यह प्रक्रिया निर्वाचन कार्य में निष्पक्षता, गोपनीयता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करता है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया है, ताकि मतगणना कार्य शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
