जयपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल जिला स्पेशल टीम (क्राइम ब्रांच सीएसटी) और सिंधी कैंप थाना पुलिस ने सोमवार को मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा डिपो की बस से पंजाब निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 40 किलो डोडा चूरा व अफीम बरामद की है। जिसकी बाजार कीमत 6.50 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि सीएसटी और सिंधी कैंप थाना पुलिस ने सोमवार को मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले अमरीक सिंह (42) निवासी हीरो कला, मानसा (पंजाब) और बलजिन्द्र सिंह (40) निवासी हीरो कला, मानसा (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 40 किलो डोडा चूरा व अफीम बरामद की है।
डीसीपी अपराध अभिजीत सिंह ने बताया कि नशा माफियाओं के खिलाफ विशेष निगरानी रख रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि भीलवाड़ा डिपो की बस में दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर जयपुर आ रहे हैं। इस पर सिंधी कैंप थाना पुलिस के साथ मिलकर की गई इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने बस की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से 40.456 किलोग्राम डोडा चूरा (अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये) और 246 ग्राम अफीम (कीमत करीब 50 हजार रुपये) बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि यह खेप कहाँ सप्लाई की जानी थी, इस बारे में आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
