चंडीगढ़, 10 मार्च (हि.स.)। पंजाब विधानसभा में मंगलवार को सोशल मीडिया पर कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा की एक पोस्ट को लेकर जमकर हंगामा हुआ। हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा। पंजाब महिला आयोग ने भी विधायक से 12 मार्च तक जवाब मांग लिया है। विधानसभा में हंगामे के बीच खैहरा की पोस्ट पर नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा ने खेद भी जताया। इसके बावजूद मामला शांत नहीं हुआ।

विधानसभा में सुखपाल खैहरा के विरूद्ध पेश किए गए निंदा प्रस्ताव पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, तरूणजीत सिंह सौंद, हरजोत बैंस व अन्य नेताओं ने भाग लिया। वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कांग्रेस विधायक सुखपाल खैहरा की पोस्ट पर सवाल उठाए। चीमा ने कहा कि इसमें लिखा हुआ है कि 1000 रुपए के लिए गिद्दे डालने वाली सूरमे कहां से पैदा कर लेंगी। चीमा ने पूछा कि क्या माफी मांगोगे। चीमा ने कहा कि अगर हम औरतों और दलित महिलाओं का सम्मान करते हैं, तो इसका मतलब ये नहीं कि अगर विरोधी सिल्वर स्पून से पैदा हुए तो उन्हें औरतों के अपमान का हक किसने दिया। इस दौरान कांग्रेस विधायक दल प्रताप बाजवा ने सुखपाल खैहरा की पोस्ट पर खेद जताया।
विधायक इंद्रजीत कौर मान ने कहा कि इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। ये बताएंगे कि गरीब कैसे सूरमा पैदा करेंगे। इस मुद्दे को राज्य स्तर पर लेकर जाएंगे। सुखपाल सिंह खैहरा के पोस्ट पर सदन में निंदा प्रस्ताव पेश किया गया, जिसके बाद सदस्यों ने अपने विचार रखे। आखिर में स्पीकर ने वोटिंग करवाई। मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि विपक्ष या तो हां बोले या न बोले। उसके बाद स्पीकर ने कहा कि चुप को न समझा जाए। उसके बाद इस निंदा प्रस्ताव को पास कर दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
