प्रयागराज, 23 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने सोमवार को पचास हजार के इनामी गो तस्कर को प्रतापगढ़ के कंधई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ चंदौली जिले के सैय्यदराजा थाने में गो वध एवं गो-तस्करी के तहत मुकदमा दर्ज है। जहां से गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है।

एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रतापगढ़ जिले के कोहड़ौर थाना क्षेत्र के पोख्ताखम गांव निवासी पृथ्वीपाल पुत्र खन्नू उर्फ लाल है। पूछताछ के दौरान आरोपित पृथ्वीपाल ने बताया कि वह दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में काम करता था जहां रिटायर्ड होने के बाद लोन के माध्यम से एक माल वाहक गाड़ी खरीदा था। जिसका लोन नहीं भरपा रहा था। जिससे वह दिल्ली में रहने वाले संदीप शर्मा को अपनी गाड़ी भाड़े पर चलवाने के लिए दे दिया था। संदीप शर्मा मूलतः बिहार के भभुआ जिले के चांदा थाना क्षेत्र में स्थित असरेम गांव का रहने वाला है। संदीप शर्मा गोतस्करी का गिरोह चलाता था। उसी दौरान मेरी गाड़ी चंदौली में पकड़ी गई थी। जिससे जांच के दौरान मेरा नाम सामने आया था। हालांकि मुझ पर इनाम घोषित किया गया है, यह मुझे जानकारी नहीं हो पाई। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में इसकी तलाश के लिए एसटीएफ के उप निरीक्षक गुलजार सिंह के नेतृत्व में टीम लगाई गई थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने सोमवार दोपहर बाद कंधई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
