पटना, 27 फरवरी (हि.स.)। पटना विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शुक्रवार को छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और पारदर्शी प्रशासन को केंद्र में रखते हुए अपना विस्तृत घोषणा पत्र जारी किया। घोषणा पत्र में छात्र कल्याण, शैक्षणिक गुणवत्ता तथा परिसर विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है।

घोषणा पत्र जारी करते हुए अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि परिषद हमेशा से छात्र हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि यह घोषणा पत्र केवल चुनावी वादों तक सीमित नहीं है, बल्कि पटना विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता, सुरक्षित वातावरण और आधुनिक सुविधाओं से युक्त संस्थान बनाने का संकल्प है। उन्होंने भरोसा जताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर सभी प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जाएगा।

इस मौके पर आयोजित प्रेस वार्ता में अभाविप के प्रांत मंत्री सुमित कुमार सिंह, क्षेत्रीय मीडिया संयोजक रविकरण कुमार सहित छात्रसंघ चुनाव में अभाविप समर्थित उम्मीदवार मौजूद रहे। अध्यक्ष पद की उम्मीदवार अनुष्का कुमारी, उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार गुंजेश कुमार, महासचिव पद की उम्मीदवार प्रिया सिंह, संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार अभिषेक कुमार तथा कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार हर्षवर्धन ने संयुक्त रूप से घोषणा पत्र जारी किया।
अभाविप के नेताओं एवं उम्मीदवारों ने छात्र-छात्राओं से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि छात्र हित, पारदर्शिता, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को आधार बनाकर तैयार किया गया यह घोषणा पत्र विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। परिषद ने विश्वास जताया कि विद्यार्थियों के सहयोग से पटना विश्वविद्यालय में सकारात्मक और रचनात्मक बदलाव संभव होगा।
—————–
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी
