लखनऊ, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मध्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने शनिवार को अपने जारी आदेश में कहा है कि पड़ोसी राज्यों की अवैध मदिरा के साथ कच्ची, मिलावटी व चोरी की शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। इसके लिए शासन स्तर से निगरानी करने तथा जिलों की प्रवर्तन टीम को लगातार मॉनिटरिंग करने व राजस्व को हानि पहुंचाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

आबकारी मंत्री शनिवार को लखनऊ के डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान में उच्च अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की। वर्चुअल प्रतिभाग कर रहे सभी जिला आबकारी अधिकारियों (डीईओ) को वर्तमान वित्तीय वर्ष में आबकारी विभाग के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विगत एक वर्ष में कम राजस्व वसूली वाले 10 जिलों में कानपुर नगर, आगरा, मेरठ, बिजनौर, लखनऊ, बुलंदशहर, हाथरस, मुरादाबाद, अलीगढ़, बरेली के जिला आबकारी अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगे हैं। साथ ही मदिरा एवं भांग की दुकानों के लाइसेंस नवीनीकरण के लिए एक सप्ताह का और अतिरिक्त समय देने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने प्रदेश में कहीं पर भी मदिरा की ओवररेटिंग पर, औद्योगिक इकाइयों के संचालन में व्यवधान उत्पन्न करने व प्रताड़ित करने की शिकायत पर संबंधित जिला आबकारी अधिकारियों पर सख़्त करवाई करने के भी निर्देश दिए। वहीं, बिजनौर जिले की मदिरा इंडस्ट्री के खिलाफ गैर जिम्मेदारीपूर्ण कार्रवाई पर वहां के जिला आबकारी अधिकारी के कार्यों की जांच कर रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आबकारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप प्रदेश के विकास को आगे ले जाने के लिए सभी अधिकारी पूर्ण लगन, मेहनत एवं ईमानदारी से कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वैट और जीएसटी के बाद सर्वाधिक राजस्व आबकारी विभाग से प्राप्त होता है। विगत आठ वर्षों में विभाग में काफी पारदर्शिता आयी है और जवाबदेही भी बढ़ी है। अन्य राज्य प्रदेश की आबकारी नीति का अनुसरण कर रहे हैं। पूरे देश में प्रदेश का आबकारी विभाग अन्य राज्यों के लिए रोल मॉडल बन चुका है। इसे बनाए रखने के लिए सभी कार्मिक टीम भावना के साथ कार्य करें।
आबकारी मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग के लिए 63 हजार करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया गया था। उसमें माह फरवरी तक 50 हजार 585 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया जा चुका है। यह विगत वर्ष के इसी माह तक प्राप्त कुल राजस्व 42 हजार 828.57 करोड़ रुपये से सात हजार 756.36 करोड़ रुपये अधिक राजस्व है। यह 118.11 प्रतिशत है।
इसी प्रकार फरवरी 2026 में छह हजार 635.79 करोड़ रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई, जो कि विगत वर्ष के इसी माह में प्राप्त चार हजार 928.22 करोड़ रुपये से एक हजार 707.57 करोड़ रुपये अधिक है। यह 134.65 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि विभाग ने विगत माह फरवरी में दो लाख 76 हजार 438 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई तथा अनाधिकृत कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों पर प्रभावी कार्रवाई भी की गई।
बैठक में अपर मुख्य सचिव आबकारी वीना कुमारी मीणा, आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह, विशेष सचिव अभिषेक आनंद सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जिला आबकारी अधिकारियों ने वर्चुअल प्रतिभाग किया।
——————–
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
