जयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। जयपुर जिले के मौजमाबाद क्षेत्र में बीती देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और आठ वर्षीय बेटी की तलवार से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस के अनुसार यह घटना मोखमपुरा थाना इलाके के बिचून गांव में बुधवार रात हुई। आरोपी खुशजीत पुत्र रणजीत सिंह ने अपनी पत्नी सरोज देवी (35) और बेटी वंशिका (8) पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। डबल मर्डर की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुशजीत मोखमपुरा थाने पहुंच गया और पुलिसकर्मियों से कहा कि उसने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर दूदू उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
मामले की जांच के लिए मौजमाबाद तहसील के एसडीएम बलवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा और डीएसपी दीपक खंडेलवाल भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण आर्थिक तंगी माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
