धनबाद, 07 फ़रवरी (हि.स.)। झरिया के लोदना ओपी क्षेत्र के मधुबन 40 धोड़ा, मुखिया मुहल्ला में रहनेवाले एक पिता पर अपने ही दो माह के मासूम पुत्र की हत्या का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में आरोपित की पत्नी ने शनिवार को लोदना ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता महिला का आरोप है कि उसके पति से आए दिन घरेलू विवाद होता था और अक्सर मारपीट भी होती रहती थी। महिला के अनुसार, शुक्रवार की भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने बच्चे को दूध पिलाकर सुला दिया। कुछ समय बाद जब वह उठी तो देखा कि बच्चे की तबीयत बिगड़ चुकी थी और उसका नाक से खून बह रहा था, आनन-फानन में बच्चे को झरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद ले जाने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
महिला ने आरोप लगाया है कि झगड़े के बाद जब सभी लोग सो गए थे, उसी दौरान उसके पति ने बच्चे का गला दबाकर हत्या कर दी। इस आरोप के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही लोदना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
लोदना ओपी प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि महिला ने अपने पति पर दो माह के पुत्र की हत्या का आरोप लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
