– पुलिस की लापरवाही का आरोप, शिवम की मौत पर परिजन का फूटा गुस्सा

मीरजापुर, 06 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर कछवां थाना क्षेत्र के सेमरा खैरा गांव निवासी 19 वर्षीय शिवम पुत्र स्वर्गीय हीरालाल का शव भैसा गांव स्थित तालाब में गुरूवार को पाया गया था। पोस्टमार्टम के बाद देर रात करीब दो बजे शव गांव पहुंचते ही परिजन में कोहराम मच गया। परिजन ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस ने घटना को समय रहते गंभीरता से लिया होता तो शिवम की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस की समझाने के बाद अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए।
शव घर पहुंचते ही परिजनों ने अंतिम संस्कार से इंकार करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। परिजन शव को घर पर रखकर धरने पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास करती रही, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी चुनार मुनेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी ली। उनके साथ कछवां थाना प्रभारी अमरजीत चौहान भी मौजूद रहे। एहतियातन पड़री थाना, चिल्ह, कोतवाली देहात समेत कई थानों की पुलिस गांव में तैनात कर दी गई।
पुलिस ने हत्या की आशंका के मद्देनजर चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। काफी मान-मनौव्वल और आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद करीब 12:15 बजे परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
