बिजनौर, 23 फरवरी (हि.स.) | उत्त्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में थाना किरतपुर क्षेत्र के एक परिवार ने आज पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर अपनी बेटी दामिनी उर्फ सोनी की दहेज हत्या के मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई थी।

परिजनों ने एसपी को एक प्रार्थना पत्र भी सौंपा। पत्र में बताया गया कि उनकी पुत्री दामिनी उर्फ सोनी की मंडावर क्षेत्र में उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज के लिए हत्या कर दी थी। मामले में पति अभिषेक, सास रेखा, ससुर मुन्नू और देवर भूरे व अनिकेत के खिलाफ मंडावर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मृतका के पिता ने प्रार्थना पत्र में यह भी बताया कि मरने से पहले उनकी बेटी ने उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को ससुराल वालों द्वारा परेशान किए जाने और पांच लाख रुपये की मांग की बात कही थी। उन्होंने यह भी बताया कि मई 2025 में भी उन्होंने ससुराल वालों को 50 हजार रुपये दिए थे।

परिजनों का आरोप है कि आरोपित मुन्नू और भूरे उर्फ अनिकेत अभी भी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। परिजन का कहना है कि आरोपित कह रहे हैं कि पुलिस से बात हो गई है और उनका नाम मामले से हटा दिया जाएगा। परिजनों ने सभी आरोपिताें के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, उन्हें गिरफ्तार करने और जेल भेजने की मांग की। इस दौरान हरवीर सिंह, समर सिंह, गुड्डू, मयंक राठी, समला, उमा देवी, सविता देवी सहित कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।——–
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
