मुंबई, 31 जनवरी (हि.स.)। मराठा आरक्षण आंदोलन का नेतृत्व करने वाले मनोज जरांगे पाटिल ने कहा है कि सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना उनकी पार्टी का अंदरूनी मामला है। यह अच्छी बात है कि वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनी हैं। हालांकि उन्हें मौजूदा राजनीतिक हालात में सावधान रहते हुए अपने परिवार को साथ लेकर चलना चाहिए।

जरांगे पाटिल ने कहा कि वह राजनीतिक चालों के बारे में कुछ नहीं कह सकते। अब हमें सबको साथ लेकर चलना होगा। अगर अजित दादा ने पार्थ और जय पवार को कोई सलाह दी है, तो उन्हें उसे मानना चाहिए। गिद्धों ने मंडराना शुरू कर दिया है। जो लोग कभी अजित दादा के साथ नहीं दिखे, वे अब सामने आ रहे हैं। ऐसे गिद्धों और बदमाशों पर नजर रखना ज़रूरी है जो अचानक इकट्ठा हो गए हैं।
शरद पवार ने कहा है कि उन्हें उपमुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इस बारे में जरांगे पाटिल ने कहा कि यह उनकी स्ट्रैटेजी हो सकती है, मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता। हालांकि सुनेत्रा को पवार परिवार को अपने साथ लेकर चलना चाहिए। ये गिद्ध बहुत खून पी सकते हैं, मार सकते हैं। ऐसे में परिवार ही आपकी मदद के लिए आगे आएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
