पलवल, 12 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सचिवालय के सभागार में जिला खाद्य सुरक्षा से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जिले में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बॉक्स:-
खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग और गुणवत्ता जांच पर दिया जोर
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों, दुकानों और खाद्य पदार्थों के निर्माण व विक्रय स्थलों पर नियमित रूप से सैंपलिंग की जाए। उन्होंने कहा कि लिए गए सैंपलों की मानक प्रक्रिया के अनुसार जांच करवाई जाए, ताकि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का सही आकलन हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उपायुक्त ने कहा कि मिलावटखोरी न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है। इसलिए खाद्य सुरक्षा विभाग सहित संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस प्रकार की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना होगा। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाजारों में मिठाई की दुकानों, डेयरी उत्पादों, मसालों और अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाए, ताकि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए समय-समय पर निरीक्षण अभियान चलाए जाएं और लोगों को भी जागरूक किया जाए कि वे केवल विश्वसनीय स्थानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन के स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह सजग है और मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।
बैठक में एसडीएम ज्योति, एसडीएम बलीना, एसडीएम अप्रतिम सिंह, नगराधीश प्रीति रावत, डीएसपी अनिल कुमार सहित फूड सेफ्टी व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
