पलवल, 01 अप्रैल (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश का झांसा देकर एक युवक से करीब 1.65 करोड़ रुपये हड़प लिए गए। साइबर थाना पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर क्राइम थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि अतवा गांव निवासी ताहिर हुसैन, जो गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में सेल्समैन हैं, ने शिकायत दी कि वह पहले ‘ग्रो’ एप के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश करते थे। 13 फरवरी 2026 को उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद शालिनी कुलकर्णी नामक महिला ने व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया।
आरोप है कि महिला ने बेहतर मुनाफे का लालच देकर उन्हें एक ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवाई और व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया। ग्रुप में मौजूद अन्य सदस्यों ने फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा कर उनका विश्वास जीत लिया। शुरुआत में छोटे-छोटे लाभ दिखाकर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया गया। इसके बाद आरोपियों ने आईपीओ में भारी मुनाफे का झांसा देकर ताहिर से अलग-अलग बैंक खातों और क्यूआर कोड के जरिए बार-बार पैसे ट्रांसफर करवाए। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उनसे कुल मिलाकर करीब 1.65 करोड़ रुपये विभिन्न खातों में जमा करवा लिए।
जब पीड़ित ने अपनी राशि निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने फर्जी शर्तें लगाकर भुगतान से इनकार कर दिया और और अधिक रकम जमा कराने का दबाव बनाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शालिनी कुलकर्णी, गौरव, शरत कुमार मलिक, राम ठाकुर और आरोही मेहता सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पीएसआई प्रदीप को सौंपी गई है। साइबर थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग
