मऊ, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने आज जनपद मऊ में कुशमौर स्थित राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में निस्ट किसान मेला 2026 का उद्घाटन किया। उन्होंने किसानों से समन्वित खेती यानी खेती के साथ पशुपालन, बागवानी और मत्स्य पालन को जोड़कर आय बढ़ाने का आग्रह किया।

घोसी चीनी मिल को लेकर फैल रही अफवाहों पर मंत्री ने कहा कि घोसी चीनी मिल को बंद करने की किसी में ताकत नहीं है, किसान किसी भी तरह की भ्रामक बातों पर ध्यान न दें। उन्होंने किसानों से ऊर्जा क्षेत्र में भी आगे आने की अपील करते हुए कहा कि किसान सोलर पैनल और बायोगैस के माध्यम से बिजली उत्पादन कर अतिरिक्त आय प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कृषि स्टालों का अवलोकन किया और किसानों के नवाचारों की सराहना की। मेले में बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक और अधिकारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वेद नारायण मिश्र
