देहरादून, 09 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में उत्पन्न मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनजर भारत लौटना चाहने वाले प्रवासी भारतीय नागरिकों का विवरण एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उत्तराखंड सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य के नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यक समन्वय के माध्यम से केंद्र सरकार के सहयोग से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में सचिव, उत्तराखंड शासन राजेन्द्र कुमार ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों में रह रहे ऐसे नागरिकों की जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, जो वर्तमान में भारत वापस आना चाहते हैं।
पत्र में कहा गया है कि विशेष रूप से ईरान और इजरायल के मध्य चल रहे संघर्ष को देखते हुए प्रदेश सरकार सतर्क है। संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, ईरान, इजरायल, ओमान, लेबनान, इराक, कुवैत तथा कतर जैसे देशों में निवास कर रहे राज्य के प्रवासियों का विवरण निर्धारित प्रारूप में संकलित किया जाए।
सचिव ने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि जिला स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर इच्छुक प्रवासियों की जानकारी एकत्र करें, ताकि समय रहते केन्द्र सरकार को सूचित कर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
