कोलकाता, 14 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को कोलकाता दौरे से पहले मौसम को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई थी। हालांकि अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर में बारिश की संभावना कम है लेकिन रविवार से मौसम बदलने के संकेत मिले हैं।

मौसम विभाग ने बताया है कि रविवार से अगले शुक्रवार तक कोलकाता में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। विशेष रूप से रविवार और सोमवार के लिए अतिरिक्त सतर्कता जारी की गई है।
दक्षिण बंगाल के इन जिलों में चेतावनी
रविवार और सोमवार को कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और नदिया जिलों में भी आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर में मंगलवार तक सतर्कता जारी रहेगी। इसके अलावा दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में सोमवार के बाद गुरुवार और शुक्रवार को भी मौसम को लेकर चेतावनी दी गई है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है।
उत्तर बंगाल में मौसम का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। अगले शुक्रवार तक सभी जिलों में सतर्कता जारी की गई है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार और कालिम्पोंग में सोमवार को सात से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम में बदलाव के कारण दक्षिण बंगाल में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है। उत्तर बंगाल में फिलहाल अगले सात दिनों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
शनिवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है। वहीं शुक्रवार का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक था।
मौसम विभाग के अनुसार बांग्लादेश और गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना चक्रवातीय परिसंचरण कमजोर हुआ है, लेकिन उससे जुड़ी अक्ष रेखा अभी भी सक्रिय है। यह समुद्र तल से लगभग 1.5 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी लगातार प्रवेश कर रही है, जिससे आंधी और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
