वाराणसी, 21 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक कथित बयान को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने इस मुद्दे पर मंगलवार को तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पर इतिहास की गलत व्याख्या करने का आरोप लगाया।

अजय राय ने कहा कि “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” जैसा ऐतिहासिक नारा महान क्रांतिकारी सुभाष चंद्र बोस द्वारा दिया गया था, जिसने स्वतंत्रता संग्राम में युवाओं को प्रेरित किया। वहीं, स्वामी विवेकानंद ने भारतीय समाज को आध्यात्मिकता और राष्ट्रनिर्माण की दिशा दी। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का बंगाल से गहरा संबंध रहा है और उनके योगदान को लेकर किसी प्रकार की भ्रमित टिप्पणी अनुचित है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का यह बयान केवल एक साधारण भूल नहीं, बल्कि देश के इतिहास और महान व्यक्तित्वों के सम्मान के साथ गंभीर खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां यह दर्शाती हैं कि राजनीतिक लाभ के लिए तथ्यों को तोड़ा-मरोड़ा जा रहा है। अजय राय ने आगे कहा कि यह चिंताजनक है कि जिस नारे को स्कूली स्तर पर पढ़ाया जाता है, उसी के संदर्भ में प्रदेश के मुख्यमंत्री भ्रमित नजर आते हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी का राजनीतिक मॉडल झूठ और भ्रम फैलाने पर आधारित होता जा रहा है, जिसमें इतिहास के तथ्यों को तोड़ना और युवाओं को गुमराह करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री का दायित्व केवल प्रशासन तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह राज्य की छवि का प्रतिनिधित्व भी करता है। ऐसे में सार्वजनिक मंचों पर तथ्यों की शुद्धता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि प्रदेश और देश की गरिमा बनी रहे। अजय राय ने कहा कि राजनीति में मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन इतिहास और महापुरुषों के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि सार्वजनिक मंच से बयान देने से पहले तथ्यों का समुचित अध्ययन करें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
