जयपुर, 10 मार्च (हि.स.)। नए पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 14-15 मार्च को पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में कहीं-कहीं आंधी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आने से आमजन को तेज गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार को प्रदेश में गर्मी का असर बरकरार रहा। प्रदेश के 19 शहरों का अधिकतम तापमान 37 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। 40.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 22.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। हालांकि आगामी तीन दिन मौसम शुष्क रहने से तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर के अलावा अजमेर, जयपुर, पिलानी, कोटा, चित्तौडग़ढ़, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, जालोर, फतेहपुर, दौसा , लूणकरणसर और झुंझुनूं का दिन का पारा 37 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं फलौदी के अलावा 7 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। जयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और संगरिया का रात का पारा 20 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में 12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट आने और 14-15 मार्च को आंधी-बारिश की संभावना है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री (सामान्य से 4 से 10 डिग्री ऊपर) दर्ज किए जा रहे हैं। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 3-4 दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आगामी 48 घंटे तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होने तथा 10-11 मार्च को दक्षिण-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं हीटवेव दर्ज होने की संभावना है। 12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है। 14-15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी-बारिश होने तथा तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश
