पौड़ी गढ़वाल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत जनपद में प्रशिक्षण कार्यक्रम तेज हो गए हैं। घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज, खंड विकास कार्यालय, प्रशिक्षण प्रसार केंद्र और नगर पालिका सभागार समेत पांच केंद्रों पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया।

नायब तहसीलदार जबर सिंह असवाल ने बताया कि करीब 250 कार्मिकों को एचएलओएफ (आवास सूचीकरण एवं मूलभूत सुविधाएं) के तहत सर्वेक्षण की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अंतर्गत प्रत्येक भवन, आवासीय स्थिति और पेयजल, शौचालय, बिजली जैसी सुविधाओं का डेटा एकत्र किया जाएगा।
प्रशिक्षण में ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के सर्वे की अलग-अलग प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों के उपयोग और प्रपत्र भरने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रदीप बिष्ट, ज्योति मोहन, अमित गौड़, कमलेश जोशी, शिव सिंह, दिनेश बेलवाल और मुकेश रावत सहित अन्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह
