गुवाहाटी, 08 फ़रवरी (हि.स.)। गुवाहाटी के पांडु इलाके में रविवार को अचानक एक तेंदुआ दिखाई देने से स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई। पांडु बड़ा बाजार से सटे अकाउंट्स कॉलोनी इलाके में तेंदुए की मौजूदगी से कुछ ही पलों में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न गया। सुबह के समय कुछ स्थानीय निवासियों ने तेंदुए को देखा, जिसके बाद आसपास के इलाकों में खबर तेजी से फैल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पांडु बड़ा बाजार और अकाउंट्स कॉलोनी को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित सुभाष दास और मोंटू सूत्रधार के घरों की दीवारों के बीच तेंदुआ घुस गया। संकरी जगह में तेंदुआ के फंस जाने से स्थिति और भी भयावह हो गई। डर के मारे इलाके के कई लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार, भोजन की तलाश में तेंदुआ रात के अंधेरे में पास की पहाड़ी से रिहायसी इलाके में आने का अनुमान जताया गया। सुबह होते ही उसकी मौजूदगी लोगों की नजर में आ गई। सूचना मिलते ही जालुकबाड़ी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ वन विभाग को तुरंत इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर असम राज्य चिड़ियाघर के वाइल्ड वेटरनरी डॉक्टर देबब्रत फुकन के नेतृत्व में वन विभाग की एक विशेष टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ तेंदुआ को ट्रैंकुलाइज़ किया गया। लंबे और सतर्क अभियान के बाद वन विभाग ने तेंदुए को सफलतापूर्वक सुरक्षित निकाल लिया। पूरी बचाव प्रक्रिया में लगभग 5 से 6 घंटे का समय लगा।
लंबे इंतजार और दहशत के बाद तेंदुआ के सुरक्षित रूप से पकड़े जाने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, इस घटना को लेकर रिहायसी इलाकों में वन्यजीवों के प्रवेश पर स्थानीय लोगों ने चिंता भी जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर
