पांढुर्णा, 29 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में मोहि घाट पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में 13 वर्षीय कराते चैंपियन छात्रा समेत दो लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पांढुर्णा के गायत्री कॉलोनी निवासी प्राची बिसेंदरे (13) पुत्री राजेश बिसेंदरे गुरुवार सुबह अपने दोस्त 11 खोली निवासी जयेश गोलाइत (17) के साथ बाइक से मोहि डैम की ओर घूमने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहि घाट पर तेज रफ्तार होने के कारण टीवीएस अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग से टकराई और दोनों करीब 25 फीट से अधिक दूरी तक घिसटते चले गए। हादसे के बाद दोनों को हाईवे की एम्बुलेंस से पांढुर्णा सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर शुभांगी वादबूदे ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सहायक उपनिरीक्षक शिवकरण पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि गुरुवार सुबह दोनों मोहि घाट की तरफ बाइक से घूमने गए थे, तभी हादसा हुआ। वहीं, थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि मृतकों का पोस्टमार्टम कर परिजनों से बयान लिए जा रहे हैं।
प्राची लिटिल फ्लावर स्कूल की कक्षा आठवीं की छात्रा थी और कराते में दिल्ली चैंपियन रह चुकी थी। प्राची के पिता राजेश बिंसेंदरे ने बताया कि वह सुबह यह कहकर घर से निकली थी कि वह 10 मिनट में वापस आ जाएगी। इसके कुछ देर बाद ही बेटी की मौत की खबर मिली। पिता ने बताया कि प्राची 26 दिसंबर 2025 को दिल्ली में कराते चैंपियनशिप में विजेता थी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
