जम्मू, 14 मार्च (हि.स.)। पाकिस्तानी ड्रोन के अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद शनिवार को सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के कई अग्रिम गांवों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है।

अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार देर रात रामगढ़ सेक्टर के कंद्राल, अबताल और बहादुरपुर गांवों के ऊपर कुछ मिनटों के लिए पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि देखी गई। उन्होंने बताया कि इलाके को कड़ी निगरानी में रखा गया और सुबह होते ही व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सीमा पार से हथियारों या नशीले पदार्थों की हवाई तस्करी न हुई हो।
पिछले दो दिनों में यहां आर एस पुरा सेक्टर के सीमावर्ती गांवों में ड्रोन द्वारा हेरोइन की खेप गिराए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने 20 करोड़ रुपये से अधिक अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य की 3.5 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की है। शुक्रवार को आर एस पुरा सेक्टर में हुई ताजा बरामदगी के संबंध में दो संदिग्ध नशीले पदार्थों के तस्करों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
