पानीपत, 22 जनवरी (हि.स.)। पानीपत एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने गढ़ी छाजू मोड़ के पास एक युवक को अवैध देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान समालखा निवासी गौरव के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी एक टीम बुधवार रात को गश्त के दौरान समालखा बस अड्डा के पास थी। टीम को तभी सूचना मिली कि गौरव निवासी हनुमान कॉलोनी समालखा के पास अवैध हथियार है। गौरव अवैध हथियार के साथ फोटो खिचकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर आमजन में खौफ पैदा कर रहा है। गौरव अपने किसी साथी के इंतजार में भापरा रोड पर गढ़ी छाजू मोड़ के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी तो सामने खड़ा युवक पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापिस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान समालखा के रूप में बताई। तलाशी लेने पर गौरव की जींस की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह उक्त देसी पिस्तौल करीब 2 महिने पहले उत्तराखंड के देहरादून में एक युवक से 5 हजार रूपए में खरीदकर लाया था। इसके बाद वह पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा। पुलिस ने आरोपी गौरव के खिलाफ थाना समालखा में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर गुरुवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायायल में पेश किया जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
